पंडई नदी में एक ही दिन दो किशोर लापता, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; शुक्रवार को फिर उतरेगी एसडीआरएफ

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में पंडई नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों के लापता होने से हड़कंप मच गया है. एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने घंटों खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला. अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया है.

Narkatiaganj Pandai River Incident: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में गुरुवार को पंडई नदी में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका. एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल पाया. अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया, जिसे अब शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा.

दो पंचायतों में एक ही दिन दो हादसे

एक ही दिन हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. हरदी टेढ़ा पंचायत के खैरवा टोला और राजपुर तुमकड़िया पंचायत के सोफवा गांव से दो किशोर पंडई नदी में नहाने के दौरान लापता हो गए.

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक घटनास्थल पर कैंप करते रहे.

दोस्तों के साथ नहाने गया था रेहान

जानकारी के अनुसार, खैरवा टोला निवासी जुल्फिकार अंसारी का 14 वर्षीय पुत्र रेहान अंसारी अपने दोस्तों के साथ पंडई नदी में नहाने गया था.

नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में लापता हो गया. साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

रेहान अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा है. उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

सोफवा गांव का सुल्तान भी लापता

इसी दिन राजपुर तुमकड़िया पंचायत के सोफवा गांव निवासी मोजम्मिल देवान का 17 वर्षीय पुत्र सुल्तान भी पंडई नदी में नहाने के दौरान डूब गया.

दोनों घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है.

देर शाम तक चला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना पुलिस, राजस्व अधिकारी अशोक कुमार, स्थानीय गोताखोर और बाद में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची.

घंटों तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका. अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया.

शुक्रवार सुबह फिर होगी तलाश

राजस्व अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम एक बार फिर नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाएगी.

प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि खोज अभियान के दौरान दोनों किशोरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >