Bettiah News: नरकटियागंज. शिकारपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में शनिवार को मोटर चोरी के आरोप को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी, लोहे के रॉड और फरसे चलने लगे. मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गये.
सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया. घायलों में सुमन साह, विक्रम साह और दूसरे पक्ष के भरत साह समेत अन्य लोग शामिल हैं.
Narkatiaganj News: मोटर चोरी के आरोप के बाद भिड़े दोनों पक्ष
घटना के संबंध में एक पक्ष के तेज प्रताप साह ने बताया कि भरत साह के परिवार से करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है. उन्होंने बताया कि मई 2025 में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, जो न्यायालय में चल रहा है.
तेज प्रताप साह का आरोप है कि दो दिन पहले मामले के गवाहों को धमकी देकर केस उठाने का दबाव बनाया गया था. शनिवार को मोटर चोरी होने के बाद CCTV फुटेज देखने के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी.
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया हमला करने का आरोप
तेज प्रताप साह ने आरोप लगाया कि मोटर चोरी के बाद CCTV फुटेज देखने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट की. उनके अनुसार घटना में कई लोग शामिल थे.
वहीं, दूसरे पक्ष के भरत साह और वीरन साह ने इन आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि मोटर चोरी का आरोप लगाकर विवाद शुरू किया गया, जबकि वास्तविक विवाद भूमि को लेकर है.
दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि सुमन साह, विक्रम साह, तेज प्रताप साह, विजेंद्र साह, ममता देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी और फरसे से हमला किया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाये गये हैं.
आठ लोग घायल, चार को बेतिया रेफर
मारपीट में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हुए. सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेतिया रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
वीरन साह और पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के वीरन साह और उनकी पत्नी सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब घटना के दौरान लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. CCTV फुटेज की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
पुराने विवाद का भी सामने आया मामला
पुलिस जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद की जानकारी भी सामने आयी है. एक पक्ष की ओर से मई 2025 में मारपीट का मामला दर्ज होने की बात कही गयी है, जो न्यायालय में लंबित है.
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
ये भी पढ़ें: नरकटियागंज में आग का तांडव, 40 से अधिक मवेशियों की जलकर मौत, 15 लाख की संपत्ति राख