Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के मथुरा चौक पर मंगलवार की अहले सुबह चोरों ने एक साथ सात दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकानों के छप्पर और ताले तोड़कर नकदी, मोबाइल, दवा, तार एवं इलेक्ट्रिक उपकरण समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए. चोरी के दौरान ग्रामीणों ने एक नाबालिग को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद मथुरा चौक के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.
Narkatiaganj News: एक साथ सात दुकानों में चोरी
चोरों ने मथुरा चौक पर मिठाई दुकान से लेकर खाद, दवा, आभूषण, होटल, मोबाइल और आलू-प्याज की दुकानों तक को निशाना बनाया. दुकानों के छप्पर तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश किया और सामान समेटकर फरार हो गए.
खाद और दवा दुकान से 30 हजार नकद की चोरी
खाद व्यवसायी विजय कुमार की दुकान से चोर करीब 30 हजार रुपये नकद और दवा चोरी कर ले गए. वहीं अनिल-सुनील आभूषण दुकान में भी लाखों रुपये के सामान की चोरी होने की जानकारी सामने आई है.
यह भी पढ़ें: सावन के रंग में रंगा बेतिया, महिलाओं ने रैंप वॉक से लेकर गीत-संगीत तक जमाया रंग
होटल और आलू-प्याज दुकान भी बने निशाना
जयनारायण साह के होटल से करीब 1,800 रुपये नकद चोरी किए गए. वहीं जावेद अली शेख की आलू-प्याज दुकान से एक मोबाइल और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी हुई. चोरों ने गल्ला तोड़कर रकम निकाली.
अंकित इंटरप्राइजेज से तार और मोबाइल चोरी
अंकित इंटरप्राइजेज से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के 20 बॉक्स तार, पांच मोबाइल और पांच हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है. इसके अलावा पुष्पा मोबाइल और अनिल पीसीओ दुकान से मोबाइल चार्जर समेत अन्य सामान भी चोरी किया गया.
ग्रामीणों ने नाबालिग को रंगेहाथ पकड़ा
चोरी की वारदात के दौरान ग्रामीणों ने एक नाबालिग को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और भूमिका का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने एसआई को मथुरा चौक भेजकर घटनास्थल की जांच और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सावन के रंग में रंगा बेतिया, महिलाओं ने रैंप वॉक से लेकर गीत-संगीत तक जमाया रंग