नरकटियागंज में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को मारी गोली, आरोपी की तलाश में पुलिस

नरकटियागंज शहर में सोमवार शाम दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. पोखरा चौक पर एक युवक को गोली मार दी गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है.

Narkatiaganj Gunshot: नरकटियागंज शहर में सोमवार शाम दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई. शहर के व्यस्त पोखरा चौक स्थित मंदिर के पास एक युवक को गोली मार दी गई. गोली उसकी जांघ के ऊपर लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.

घायल की पहचान ब्लॉक रोड, जमुनिया गांव निवासी 28 वर्षीय रंजीत कुमार पासवान के रूप में हुई है.

गोली चलने की आवाज से मच गई अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोखरा चौक पर अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. फायरिंग होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

जब लोग मौके पर पहुंचे तो रंजीत कुमार पासवान खून से लथपथ सड़क पर पड़े मिले. इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया.

डॉक्टर बोले- शरीर में फंसी है गोली

अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विवेक रंजन ने बताया कि युवक की जांघ से थोड़ा ऊपर गोली लगी है और गोली अभी भी शरीर में फंसी हुई है.

घायल की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस को सूचना देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.

घायल ने एक युवक पर लगाया आरोप

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में घायल ने 'सोल्जर' नाम के एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है. हालांकि, उसने गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बताई है. पुलिस फिलहाल इस आरोप की जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पुलिस निगरानी में बेतिया भेजा गया है.

वहीं, एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों और घायल के परिजनों से पूछताछ कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

उन्होंने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >