बगहा उप मुखिया गोलीकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी मुखिया पति समेत 2 गिरफ्तार

भैरोगंज में उप मुखिया और वार्ड सदस्य पति को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आयी है.

बगहा गोलीकांड: पुलिस जिला बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम हुए उप मुखिया और वार्ड सदस्य पति गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में भैरोगंज पंचायत के मुखिया पति मुन्ना दास और उसके सहयोगी संदीप यादव को नामजद किया गया है. प्राथमिकी में दो अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है.

घटना कपरधिका और लक्ष्मीपुर चौक के बीच सुनसान सड़क पर हुई थी. गोलीकांड के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपितों से पूछताछ की जा रही है.

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी

एसडीपीओ बगहा निहार भूषण ने बताया कि गोलीकांड को लेकर भैरोगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. प्राथमिकी में मुखिया पति मुन्ना दास और उसके सहयोगी संदीप यादव को नामजद किया गया है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की. टीम ने दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.

आरोपितों से पूछताछ, CCTV फुटेज की जांच

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है. पूछताछ में सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे.

घटनास्थल और आसपास सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. फुटेज के माध्यम से पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है.

पुरानी रंजिश में गोली मारने का आरोप

गौरतलब है कि बुधवार की देर शाम भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया अशोक दास और वार्ड छह के वार्ड सदस्य पति राधेश्याम राम को कपरधिका और लक्ष्मीपुर चौक के बीच सुनसान सड़क पर गोली मार दी गयी थी. घटना के बाद दोनों गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे और आरोपित फरार हो गये थे.

गोलीकांड की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया.

बगहा से दोनों घायलों को बेतिया रेफर किया गया

अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.

एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश का विवाद सामने आया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना का वास्तविक कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.

यह भी पढे़ं:

जन्माष्टमी स्पेशल: राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने मोहा मन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रप्रकाश आर्य

चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >