Bettiah News: नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर सोमवार को सोफवा गांव के समीप दर्दनाक हादसा हो गया. रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान 63341 मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोफवा गांव निवासी सकेश चौधरी की पत्नी जानकी देवी (30) और उनकी बेटी पिंजल कुमारी (5) के रूप में हुई है.
Narkatiaganj News: सोफवा गांव के पास मेमू ट्रेन की चपेट में आईं मां-बेटी
जानकारी के अनुसार जानकी देवी अपनी पांच वर्षीय बेटी पिंजल कुमारी के साथ गांव की किराना दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान दोनों रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं. सोफवा गांव से आगे रेलवे गेट संख्या 19 के समीप मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज आने वाली 63341 मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में दोनों आ गईं.
हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.
ट्रैक पर शव पड़े रहने से ट्रेन परिचालन प्रभावित
हादसे के बाद मां-बेटी के शव काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर पड़े रहे. इसके कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ. मुजफ्फरपुर से बांद्रा जाने वाली 19270 पोरबंदर एक्सप्रेस को करीब एक घंटे तक साठी स्टेशन पर रोकना पड़ा.
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर काफी देर तक अफरातफरी के साथ मातम का माहौल बना रहा.
शिकारपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
मां-बेटी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही सोफवा गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढ़ें: नरकटियागंज से बिहार में पहली बार मानसून गन्ने की रोपनी शुरू, किसानों को मिलेगा दोहरा लाभ