West Champaran News: साठी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां के आवेदन पर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मामले में मीर टोला लक्षनौता निवासी बरकू पंडित पर दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पहले बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां ने आवेदन में बताया कि आरोपी पहले भी उनकी नाबालिग बेटी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जा रहा था. उस समय जीआरपी नरकटियागंज ने दोनों को पकड़कर परिजनों को सूचना दी थी, जिसके बाद परिवार लड़की को वापस घर ले आया था.
चाकू दिखाकर दुष्कर्म करने का आरोप
आवेदन के अनुसार 3 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे पीड़िता शौच के लिए गांव के उत्तर दिशा में गई थी. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे पास के खेत में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया.
शोर मचाने पर सिंदूर भरकर हुआ फरार
पीड़िता की मां का आरोप है कि शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो आरोपी ने भागने से पहले पीड़िता की मांग में सिंदूर भर दिया और वहां से फरार हो गया.
वीडियो वायरल और जान से मारने की धमकी का आरोप
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में जब पीड़िता की मां आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची तो वहां मौजूद परिजनों ने उनके साथ मारपीट की. साथ ही आरोपी द्वारा पीड़िता का वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: चौतरवा गोलीकांड में बड़ा फैसला: पिता-पुत्र को हत्या के प्रयास में आजीवन कारावास, 1-1 लाख जुर्माना
