Bettiah News: बेतिया शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र मीना बाजार और छोटा रमना सोमवार से अनिश्चितकालीन बंद रहेगा. जिला प्रशासन की ओर से 85 दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किए जाने के विरोध में छोटा रमना-मीना बाजार व्यवसायी संघ ने यह निर्णय लिया है. बाजार बंद रहने से शहर की प्रमुख थोक एवं खुदरा व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है.
Meena Bazar News: 3 हजार से अधिक दुकानें, हजारों ग्राहक
व्यवसायियों के अनुसार एक ही परिसर में करीब तीन हजार से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें संचालित होती हैं. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में अनिश्चितकालीन बंदी से व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
नोटिस वापस लेने की मांग पर अड़े व्यवसायी
व्यवसायी संघ के संरक्षक पारस लाल विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष धर्मेश कुमार और सचिव रिंकू कनौजिया ने कहा कि जिन दुकानदारों को नोटिस मिला है, वे दशकों से यहां कारोबार कर रहे हैं. व्यवसायियों का दावा है कि जमींदारी उन्मूलन के बाद बिहार खास महल बंदोबस्ती अधिनियम, 1953 के तहत दुकानों की बंदोबस्ती हुई थी और वर्ष 1961 से नियमित रूप से सरकारी लगान जमा किया जा रहा है. इसलिए दुकानदारों को अतिक्रमणकारी बताकर हटाना उचित नहीं है.
नोटिस वापस नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
व्यवसायी संघ ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने संबंधी नोटिस वापस लेने की मांग की है. संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि नोटिस वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण के लिए प्रशासन की कार्रवाई
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि शहर में पथरी घाट से बरवत सेना तक सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की परियोजना चल रही है. अधिकारियों के अनुसार मीना बाजार क्षेत्र में करीब 15 फीट तक अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. इसी वजह से संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने को कहा गया है.
प्रशासन बोला- सड़क चौड़ी होने से कम होगा जाम
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से शहर में जाम की समस्या कम होगी. साथ ही नाला निर्माण से जलनिकासी व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि व्यवसायियों के विरोध और प्रशासन की कार्रवाई के बीच इस मामले का समाधान किस तरह निकलता है. यह भी पढ़ें: मोबाइल देखते-देखते पलंग से नीचे रखा पैर, छिपे सांप ने डसा... 5 साल के मासूम की मौत
