Bihar board: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है. बोर्ड ने छूटे हुए विद्यार्थियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन के लिए विशेष और अंतिम अवसर दिया है. इसके तहत 18 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा किया जा सकेगा. समिति के अध्यक्ष डॉ. त्याग राजन एसएम के स्तर से जारी निर्देश के अनुसार यह अवसर उन मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के लिए है, जिनके विद्यार्थियों का निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन नहीं हो पाया है.
इंटरमीडिएट के विद्यार्थी इस पोर्टल से करें आवेदन
मान्यता या प्रस्वीकृति प्राप्त इंटरमीडिएट शिक्षण संस्थानों के प्रधान अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से समिति के पोर्टल intermediate.biharboardonline.com पर लॉग-इन कर विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा कर सकेंगे.
मैट्रिक अभ्यर्थियों के लिए अलग पोर्टल
मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के अभ्यर्थियों के लिए संबंधित मान्यता या प्रस्वीकृति प्राप्त विद्यालयों के प्रधान secondary.biharboardonline.org पर लॉग-इन कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे.
बोर्ड के मुख्य पोर्टल से भी आवेदन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मुख्य पोर्टल biharboardonline.org के माध्यम से भी मैट्रिक और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं संबंधित प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
22 अगस्त के बाद नहीं मिलेगा अवसर
बोर्ड ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि 18 से 22 अगस्त तक दिया गया यह विद्यार्थियों के लिए विशेष और अंतिम अवसर है. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी स्थिति में अतिरिक्त तिथि नहीं दी जाएगी. ऐसे में संबंधित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानों को समय-सीमा के भीतर छूटे विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन पूरा कराने का निर्देश दिया गया है.
