Bettiah Liberty Cinema Fire: बेतिया शहर के टाउन थाना रोड स्थित चर्चित लिबर्टी सिनेमा हॉल में रविवार की रात करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गयी. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गयीं. सिनेमा हॉल से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया.
काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका. आग लगने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची. राहत की बात यह रही कि घटना के समय सिनेमा हॉल बंद था और हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
कई दशक से बंद है लिबर्टी सिनेमा हॉल
टाउन थाना रोड पर स्थित लिबर्टी सिनेमा हॉल बेतिया के पुराने और चर्चित सिनेमा स्थलों में शामिल रहा है. अब यह सिनेमा हॉल कई दशक से बंद पड़ा है. इसके बावजूद लिबर्टी सिनेमा चौक और आसपास का इलाका आज भी इसी नाम से जाना जाता है.
असामाजिक तत्वों की भूमिका की आशंका
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है. बताया जा रहा है कि सिनेमा हॉल का लंबे समय से संचालन नहीं होने के कारण वहां बिजली आपूर्ति भी नहीं है. ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका कम बतायी जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बंद पड़े सिनेमा हॉल में असामाजिक तत्वों का अनधिकृत रूप से प्रवेश होता रहता है. यहां कुछ लोगों के धूम्रपान या गांजे का सेवन करने की भी चर्चा है. ऐसे में आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. शुरुआती तौर पर आग से सिनेमा हॉल के अंदर रखी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका है. हालांकि, नुकसान कितना हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आग कैसे लगी और बंद पड़े सिनेमा हॉल में आग लगने के पीछे क्या कारण रहा, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
शहर का प्रमुख स्थल है लिबर्टी सिनेमा चौक
लिबर्टी सिनेमा हॉल भले ही लंबे समय से बंद हो, लेकिन इसके नाम से बना लिबर्टी सिनेमा चौक आज भी शहर में एक प्रमुख पहचान रखता है. यहां रेडीमेड कपड़ों के दुकान की भरमार है.