Bettiah News: मारवाड़ी युवा मंच बेतिया शाखा द्वारा रविवार को नगर में दसवें स्थाई प्याऊ का शुभारंभ किया गया. स्टेशन चौक स्थित शिव मंदिर के बाहर स्थापित इस प्याऊ का लोकार्पण अमृतधारा कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया. इसके माध्यम से व्यवसायियों, मजदूरों, कर्मचारियों एवं राहगीरों को पूरे वर्ष 24 घंटे शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी.
स्टेशन चौक पर शुरू हुई नई पेयजल सुविधा
मारवाड़ी युवा मंच शाखा के अध्यक्ष राहुल सर्राफ ने बताया कि अमृतधारा कार्यक्रम के तहत बेतिया शाखा का यह दसवां स्थाई प्याऊ है. स्टेशन चौक जैसे व्यस्त क्षेत्र में इसकी स्थापना से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा मंच की प्राथमिकता रही है और आगे भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे.
स्व. संतोष सिकारिया की स्मृति में लगाया गया प्याऊ
प्याऊ संयोजक अभिजीत केशान ने बताया कि यह स्थाई प्याऊ मारवाड़ी युवा मंच के अभिभावक आशीष सिकारिया द्वारा अपने पिता स्वर्गीय संतोष सिकारिया की पुण्य स्मृति में लगवाया गया है. उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना से स्थापित यह प्याऊ वर्षभर आम लोगों की सेवा करेगा.
राहगीरों और व्यवसायियों को मिलेगा लाभ
समिति के अनुसार स्टेशन चौक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, व्यवसायी, कर्मचारी और मजदूर गुजरते हैं. प्याऊ शुरू होने से उन्हें शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी. संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को गर्मी और अन्य मौसमों में भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है.
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
प्याऊ के शुभारंभ अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों के अलावा बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित का महत्वपूर्ण कार्य बताया.
ये भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण में सहयोग शिविर अब 5 अगस्त को, डीएम ने जारी किया निर्देश
