बगहा गंडक कटाव: मधुबनी प्रखंड की चिऊरही पंचायत के रेवहिया गांव में गंडक नदी का कटाव लगातार तबाही मचा रहा है. नदी की तेज धारा में अब तक करीब 109 घर समाहित हो चुके हैं. इसके साथ ही स्कूल भवन और पैक्स का गोदाम भी नदी में विलीन हो गया है. लगातार बढ़ते कटाव को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. कई परिवार अपने हाथों से घर तोड़कर सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं.
आंखों के सामने उजड़ रहा आशियाना
रेवहिया में कटाव की रफ्तार इतनी तेज है कि लोगों को अपने घरों के नदी में समाने का डर सता रहा है. कई परिवार खतरे को देखते हुए घर का जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. कुछ गृहस्वामी अपने हाथों से आशियाना तोड़ रहे हैं, ताकि कम से कम घर में रखा सामान बचाया जा सके.
ग्रामीणों का कहना है कि नदी लगातार जमीन काटते हुए आबादी की ओर बढ़ रही है. अगर कटाव इसी रफ्तार से जारी रहा तो आने वाले दिनों में और कई घर इसकी चपेट में आ सकते हैं.
स्कूल और पैक्स गोदाम भी नदी में समाए
कटाव का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है. रेवहिया गांव में स्कूल भवन और पैक्स का गोदाम भी गंडक की धारा में विलीन हो चुका है. सार्वजनिक संपत्तियों के नदी में समाने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गयी है.
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार कटाव के बावजूद अभी तक कोई स्थायी कटावरोधी उपाय शुरू नहीं किया गया है. लोगों को आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के बचे हिस्से पर भी खतरा मंडरा सकता है.
अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराजगी
ग्रामीणों के अनुसार स्थानीय स्तर के अधिकारी मौके का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित परिवारों की जानकारी जुटायी जा रही है. हालांकि, आपदा से जुड़े बड़े अधिकारियों के अब तक मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने, प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था करने और गंडक के कटाव को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
पीड़ितों को मिलेगा बासगीत का पर्चा
अंचलाधिकारी नंदलाल राम ने बताया कि कटाव से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार बासगीत का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा. प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी जुटायी जा रही है. प्रशासन की ओर से पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है.
ग्रामीण उप प्रमुख प्रतिनिधि भृगुण गद्दी, इजरायल गद्दी और अफाक गद्दी ने कहा कि गंडक की धारा जिस तेजी से जमीन को काट रही है, उससे आने वाले दिनों में अन्य घरों और सार्वजनिक संपत्तियों पर भी खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढे़ं:
बेतिया GMCH में नशामुक्त भारत अभियान, डॉक्टरों और छात्रों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
