Bettiah News: शहर के ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र श्री माँ काली धाम परिसर के समीप स्थित सार्वजनिक खुली भूमि पर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित पार्क निर्माण योजना का स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया है. मंगलवार की शाम मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों एवं श्री माँ काली धाम पूजा समिति की एक संयुक्त एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. शाम सात बजे आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पूजा समिति के संयोजक सह अध्यक्ष झूलन साहू ने की. बैठक में पार्क निर्माण योजना और उससे संबंधित निविदा (टेंडर) को तत्काल प्रभाव से रद्द कराने की मांग को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया.
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए इकलौता खुला स्थान
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मंदिर से सटी यह सार्वजनिक भूमि धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए शहर के प्रमुख खुले स्थलों में से एक है.
यहां वर्षों से ऐतिहासिक दुर्गा पूजा, लोक आस्था का महापर्व छठ, विशाल भंडारे और विभिन्न सामूहिक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते आ रहे हैं, जिनमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक शामिल होते हैं.
पार्क और पाथवे बनने से सीमित हो जाएगा परिसर, व्यावसायिक उपयोग की आशंका
नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि इस खाली भूखंड पर पार्क, ओपन जिम (व्यायाम स्थल) और टहलने के लिए पाथवे जैसी पक्की संरचनाएं बना दी जाएंगी, तो यह पूरा खुला स्थान काफी संकरा हो जाएगा.
इससे भविष्य में दुर्गा पूजा, छठ या अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान पंडाल निर्माण और भीड़ प्रबंधन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने भविष्य में पार्क का व्यावसायिक उपयोग होने और आम जनता से प्रवेश शुल्क (एंट्री फीस) वसूले जाने की आशंका भी व्यक्त की.
मेयर, सांसद व अधिकारियों को पहले ही सौंपा जा चुका है ज्ञापन
बैठक में जानकारी दी गई कि इस सार्वजनिक भूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए पूर्व में ही नगर निगम की महापौर (मेयर), उपमहापौर, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों, नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, स्थानीय सांसद और जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपा जा चुका है.
बैठक में उपस्थित लोगों ने एक सुर में निर्णय लिया कि जब तक पार्क निर्माण की निविदा को औपचारिक रूप से निरस्त नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन और प्रशासनिक पहल जारी रहेगी.
बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित
इस विरोध बैठक में शहर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए.
मौके पर सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, उपमहापौर, मेयर प्रतिनिधि रोहित शिकारिया, साधु गुप्ता, उमेश प्रसाद, राहुल कुमार, अनूप राज, हिमांशु साहू, मोनू मिश्र, सुजीत कुमार, मुन्ना वर्णवाल, रवि जायसवाल, स्थानीय वार्ड पार्षद सहमत अली, प्रदीप साहू सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
