Bettiah News: मनुआपुल थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गौनाहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 निवासी असलम हुसैन (22) के रूप में हुई है. वह पेशे से राजमिस्त्री था. उसका शव बुधवार की शाम मनुआपुल थाना क्षेत्र के मेहदियाबारी श्रीनगर सरकारी स्कूल के सामने सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों ने प्रेम विवाह को बताया हत्या की वजह
मृतक के पिता जाकिर हुसैन ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें रात करीब आठ बजे फोन पर मिली. उन्होंने बताया कि असलम ने गौनाहा की एक युवती से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेहदियाबारी स्थित अपनी नानी के घर रह रहा था. परिजनों का आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजन पहले भी असलम के साथ मारपीट कर चुके थे. फरवरी में कथित तौर पर हमला कर उसका हाथ भी तोड़ दिया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी.
ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि युवती के पिता मौनिद्दीन खान, भाई साहिद खान उर्फ धोनी और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर असलम की गला रेतकर तथा चाकू से गोदकर हत्या कर दी. उन्होंने मामले में सभी आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मनुआपुल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आरोपितों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी.
यह भी पढ़ें:बेतिया के बसवरिया से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त
