बेतिया क्राइम: लौरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को तीन दिन से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव सरेह से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. ठाकुर टोला से मठिया जाने वाले रास्ते के किनारे शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया.
16 अगस्त की शाम घर से निकला था ईशान
मृतक की पहचान मठिया पंचायत के वार्ड पांच निवासी सुरेंद्र पासवान के 16 वर्षीय पुत्र ईशान के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार ईशान 16 अगस्त की शाम घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
मंगलवार को ठाकुर टोला-मठिया मार्ग के किनारे सरेह में उसका शव मिलने की जानकारी परिजनों को मिली. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर जुटने लगे.
शव मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर लौरिया थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
किशोर की मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है. जांच के दौरान घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ईशान की मौत करंट लगने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. मामले की जांच जारी है.
यह भी पढे़ं:
मां के कंधे पर बीमार बेटी, जीएमसीएच में स्ट्रेचर के लिए भटकने का वीडियो वायरल
