बेतिया न्यूज: महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने शुक्रवार को बुडको के सहायक परियोजना निदेशक विशाल कुमार के साथ खिरी के पेड़ से कमलनाथ नगर चौक होते हुए एनएच-727 मेन रोड तक शुरू हुए पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने कार्य शुरू कराने पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के प्रति आभार जताया.
कार्यादेश के तीन माह बाद भी शुरू नहीं हो सका था निर्माण
महापौर ने कहा कि कार्यादेश जारी होने के करीब तीन माह बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने पर उन्होंने गुरुवार को शीघ्र कार्यारंभ का अनुरोध किया था. इसके अगले ही दिन काम शुरू होना सराहनीय है. यह योजना नगर निगम क्षेत्र में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. बुडको के कार्यादेश के तहत संत तेरेसा जाने वाली सड़क में खिरी के पेड़ से कमलनाथ नगर चौक होते एनएच-727 तक पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण होना है.
1.33 करोड़ थी प्राक्कलित राशि, 1.07 करोड़ आवंटित
योजना की प्राक्कलित राशि 1 करोड़ 33 लाख 58 हजार 980 रुपये थी. 19.55 प्रतिशत कम दर पर 1 करोड़ 7 लाख 47 हजार 299 रुपये में कार्य आवंटित किया गया है. कार्य आबंटन मई 2026 में हुआ था. महापौर ने कहा कि नाला बनने से जलजमाव की समस्या कम होगी. सड़क चौड़ीकरण से सुप्रिया रोड जाने का बेहतर मार्ग मिलेगा और शहर के जाम से भी राहत मिलेगी.
शहर का व्यस्त इलाका है कमलनाथनगर, होगी सहूलियत
कमलनाथ नगर बेतिया शहर का व्यस्त इलाका और कोचिंग हब है. यहां दिनभर विद्यार्थियों और अभिभावकों की आवाजाही रहती है. सड़क जर्जर रहने और जलजमाव से आवागमन में परेशानी होती थी. अब 1.07 करोड़ से पीसीसी सड़क व नाला निर्माण होने से आवागमन सुगम होगा. सड़क के चौड़ीकरण से जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है.