Bettiah News: मझौलिया. थाना क्षेत्र की बहुअरवा पंचायत के वार्ड नंबर 5 में अचानक झोपड़ी में आग लगने से अफरातफरी मच गयी. अगलगी में रैफुल मियां की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गयी. झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी समेत अन्य सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया. वहीं आग की चपेट में आने से एक भैंस भी बुरी तरह झुलस गयी.
आग की लपटों में जलकर राख हुआ आशियाना
बहुअरवा पंचायत के वार्ड नंबर 5 निवासी अली अकबर मियां के पुत्र रैफुल मियां की झोपड़ी में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.
अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, नगदी समेत रोजमर्रा के उपयोग का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
आग की चपेट में आने से भैंस झुलसी
आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी चपेट में एक भैंस भी आ गयी. इससे भैंस बुरी तरह झुलस गयी.
आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के घरों को बचाया जा सका.
क्षति का आकलन कराने पहुंचेंगे कर्मचारी
अगलगी की घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराने की बात कही है.
अंचलाधिकारी डॉली कुमारी ने बताया कि कर्मचारी को मौके पर भेजकर अगलगी से हुई क्षति का आकलन कराया जाएगा. इसके बाद पीड़ित परिवार को तत्काल नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में 1 सितंबर से कृषि-पशुपालन मेला, CM करेंगे उद्घाटन और दूसरे दिन राज्यपाल होंगे शामिल
