नेपाल में लगातार बारिश, गंडक बराज से एक लाख क्यूसेक पार हुआ डिस्चार्ज; नदी किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश का असर अब गंडक नदी पर दिख रहा है. नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है, जिससे तटवर्ती इलाकों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

Valmikinagar Gandak River: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार में भी दिखाई देने लगा है. वाल्मीकिनगर गंडक बराज से पानी का डिस्चार्ज एक लाख क्यूसेक के पार पहुंच गया है. इसके साथ ही गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. हालांकि फिलहाल जलस्तर बढ़ने की रफ्तार धीमी बताई जा रही है.

प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है.

नेपाल की बारिश से बढ़ रही नदी में पानी की आवक

गंडक बराज नियंत्रण कक्ष के अनुसार नेपाल में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी में पानी का प्रवाह बना हुआ है. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ सकता है.

इसी संभावना को देखते हुए संवेदनशील तटवर्ती गांवों की लगातार निगरानी की जा रही है.

हाई अलर्ट पर गंडक बराज प्रशासन

नेपाल मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना जताई है. इसे देखते हुए गंडक बराज प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

नियंत्रण कक्ष से 24 घंटे जलस्तर की निगरानी की जा रही है. अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की टीम लगातार नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई गई सतर्कता

जल संसाधन विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. हालांकि फिलहाल किसी तरह की बाढ़ की स्थिति नहीं बताई गई है, लेकिन नेपाल में होने वाली बारिश के आधार पर हालात तेजी से बदल सकते हैं.

प्रशासन ने कहा है कि जलस्तर में किसी भी बड़े बदलाव की स्थिति में समय पर आवश्यक सूचना जारी की जाएगी.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Aaruni Thakur

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >