West Champaran News: योगापट्टी प्रखंड की चौमुखा पंचायत के खलवा बड़हरवा गांव में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से मुख्य सड़क करीब पांच फीट पानी में डूब गई है. इससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया. प्रशासन की ओर से तत्काल कोई व्यवस्था नहीं होने पर ग्रामीणों ने करीब 10 हजार रुपये चंदा जुटाकर बांस और लकड़ी का चचरी पुल बनाया, जिससे पैदल आवागमन शुरू हो सका.
Yogapatti News: सड़क डूबने से गांव का संपर्क टूटा
गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मुख्य सड़क जलमग्न हो गई है. इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन करीब एक हजार लोगों का आवागमन होता है.
ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाया पुल
प्रशासनिक सहायता नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से करीब 10 हजार रुपये चंदा जुटाया. इसके बाद बांस और लकड़ी से चचरी पुल तैयार किया गया, जिससे लोगों का पैदल आवागमन फिर शुरू हो सका.
चचरी पुल निर्माण में कैलाश यादव, रंभू यादव, मालिक यादव, जितन यादव, खजानती यादव, अक्षय लाल यादव और बच्चा कुमार सहित कई ग्रामीणों ने आर्थिक सहयोग के साथ श्रमदान भी किया.
हर वर्ष बाढ़ में डूब जाती है सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बाढ़ आने पर यही स्थिति उत्पन्न होती है. सड़क डूबने से गांव का संपर्क टूट जाता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लोगों ने प्रशासन से स्थायी पुल और सड़क निर्माण की मांग दोहराई.
स्थायी पुल और पीसीसी सड़क का भेजा गया प्रस्ताव
मुखिया मुकेन्द्र यादव ने बताया कि स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को स्थायी पुल एवं पीसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है. उन्होंने कहा कि राशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सावन में मेहंदी और हरी चूड़ियों का महत्व, भगवान शिव की आराधना से जुड़ी है मान्यता