बेतिया में मिड-डे मील को लेकर सख्ती, खाने के पास मॉर्टिन-फिनाइल रखा तो होगी कार्रवाई

बेतिया के स्कूलों में मिड-डे मील की सुरक्षा को लेकर नई सख्ती की गयी है. रसोई और बर्तनों की सफाई अनिवार्य होगी. खाद्य सामग्री के पास कीटनाशक, केरोसिन या डीजल रखने पर रोक है और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी.

बेतिया पीएम पोषण योजना के तहत स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमकुम पाठक ने सभी प्रखंड साधन सेवियों को विभागीय निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने का आदेश दिया है. भोजन में किसी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.

भोजन के बाद रसोई और बर्तनों की सफाई जरूरी

डीपीओ कुमकुम पाठक ने बताया कि मध्याह्न भोजन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है. इसका उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है. इसके लिए रसोईघर की साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी जरूरी है.

निर्देश के अनुसार भोजन परोसने के बाद रसोईघर के साथ प्लेट और ग्लास समेत सभी बर्तनों की डिटर्जेंट पाउडर से सफाई करना अनिवार्य होगा. साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है.

शादी समारोह में नहीं ले जा सकेंगे स्कूल के बर्तन

विभाग ने स्कूलों में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिया है. प्लेट, ग्लास और अन्य बर्तनों को किसी भी परिस्थिति में विवाह या दूसरे समारोहों के लिए स्कूल से बाहर नहीं ले जाया जाएगा.

इसके अलावा शिक्षक या स्कूल का कोई कर्मचारी इन बर्तनों का घरेलू काम में भी इस्तेमाल नहीं कर सकेगा. बर्तनों का उपयोग केवल विद्यालय और पीएम पोषण योजना के लिए ही किया जाना है.

खाने के पास मॉर्टिन और फिनाइल रखना प्रतिबंधित

मध्याह्न भोजन और खाद्य सामग्री की सुरक्षा को लेकर रसोईघर में कीटनाशक रखने पर भी रोक लगायी गयी है. भोजन या खाद्य सामग्री के पास लक्ष्मण रेखा, मॉर्टिन, रैट किल, फिनाइल जैसे कीटनाशक रखने की मनाही है.

खाद्य पदार्थों को ऐसे डिब्बे में भी नहीं रखा जाएगा, जिसमें पहले कीटनाशक रखा गया हो. इसका उद्देश्य खाद्य सामग्री को किसी भी तरह के रासायनिक संपर्क से सुरक्षित रखना है.

सर्फ-साबुन और केरोसिन भी रसोई से बाहर

निर्देश में सर्फ, साबुन, केरोसिन और डीजल के भंडारण को भी खाद्य सामग्री के साथ रखने पर रोक लगायी गयी है. इन सभी चीजों को रसोईघर से बाहर किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर रखने का आदेश दिया गया है.

इससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका को कम किया जा सकेगा और बच्चों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा.

कीड़ा मिला या मेनू बदला तो होगी कार्रवाई

डीपीओ कुमकुम पाठक ने स्पष्ट किया कि भोजन में कीड़ा-मकोड़ा या पिल्लू मिलने, बासी भोजन परोसे जाने, निर्धारित मेनू से विचलन या भोजन की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने सभी प्रखंड साधन सेवियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और पीएम पोषण योजना की व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा है.

यह भी पढे़ं:

पॉवर हाउस चौक के बाद अब नेपाली पथ पर कार्रवाई की तैयारी, ग्लास हाउस समेत 30 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >