West Champaran News: योगापट्टी प्रखंड के बलुआ भवानीपुर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित परेगवा कनौजिया टोला में बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे बिजली करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय प्रेमचंद कुमार की मौत हो गई. परिजनों के अनुसार घर की लोहे की खिड़की में अर्थिंग की गड़बड़ी के कारण विद्युत प्रवाह हो गया था. हादसे के बाद पूरे टोले में मातम पसरा है.
Yogapatti News: लोहे की खिड़की में उतरा करंट
परिजनों के अनुसार प्रेमचंद कुमार के घर में फ्रिज रखा हुआ था. बताया गया कि अर्थिंग में गड़बड़ी के कारण घर की लोहे की खिड़की में अचानक करंट प्रवाहित हो गया. इसी दौरान खिड़की के संपर्क में आने से प्रेमचंद तेज करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर फर्श पर गिर पड़े.
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन
प्रेमचंद के गिरने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी वहां जुट गए. आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, योगापट्टी लेकर पहुंचे.
जीएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सीएचसी योगापट्टी में प्राथमिक उपचार के बाद प्रेमचंद कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया. बेतिया पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्रों की जागरूकता रैली, घर-घर ध्वज फहराने की अपील
दो साल की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
मौत की खबर मिलते ही प्रेमचंद के माता-पिता, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों के अनुसार प्रेमचंद चार भाइयों में एक थे और अपने पीछे दो वर्षीय मासूम पुत्री को छोड़ गए हैं. घटना के बाद शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.
घरेलू बिजली कनेक्शन और अर्थिंग जांच की मांग
ग्रामीणों ने घरेलू बिजली उपकरणों और अर्थिंग व्यवस्था की नियमित जांच की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने बिजली विभाग से घरेलू कनेक्शन और अर्थिंग की जांच को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्रों की जागरूकता रैली, घर-घर ध्वज फहराने की अपील
