बसंत पंचमी से थरूहट क्षेत्र के रामपुर में लगेगा आठ दिवसीय मेला, तैयारियां जोरों पर

प्रखंड अंतर्गत थरूहट क्षेत्र के रामपुर गांव में 23 जनवरी से पारंपरिक मेले का आयोजन किया जाएगा.

मैनाटांड़ . प्रखंड अंतर्गत थरूहट क्षेत्र के रामपुर गांव में 23 जनवरी से पारंपरिक मेले का आयोजन किया जाएगा. यह मेला लगातार आठ दिनों तक चलेगा. मेले को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं. भाजपा के अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के जिला अध्यक्ष अशोक सुब्बा तथा ग्रामीण वीरेंद्र थापा, बिरजू राय, जयकिशोर सुब्बा, दिनेश सुब्बा और पूर्व मुखिया गोपी सुब्बा ने बताया कि मेले का शुभारंभ बसंत पंचमी के अवसर पर किया जाएगा. हर वर्ष की तरह इस बार भी मेला क्षेत्रीय परंपरा, संस्कृति और आपसी मेल-मिलाप का बड़ा केंद्र बनेगा. मेले में मनोरंजन के लिए मौत का कुआं, बड़ा झूला, छोटा झूला, ब्रेक डांस, बच्चों के लिए खिलौने और अन्य आकर्षक साधन लगाए जाएंगे. मौत के कुएं में बाइक और कार के हैरतअंगेज करतब देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. मेले में घरेलू उपयोग के सामान, कपड़े, श्रृंगार सामग्री, खिलौने, मिठाई और खान-पान की कई दुकानें सजेंगी. साथ ही स्थानीय लोक-संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की भी तैयारी है, जिससे मेला और अधिक आकर्षक बनेगा. आयोजकों ने बताया कि मेले में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. झूलों और मौत के कुएं के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो. ग्रामीणों का कहना है कि यह मेला न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि थरूहट क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है. मेले का आयोजन सैकड़ों वर्षों से प्रतिवर्ष होता है. स्थानीय लोगों में उत्साह है और आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >