ग्राम पंचायत, नगर निकाय, अंचल, थाना, प्रखंड समेत सभी दफ्तरों में हुई जनसुनवाई, डीएम-एसपी ने खुद सुनी फरियाद

बड़ी संख्या में आम लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.

बेतिया. सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय सबका सम्मान–जीवन आसान को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से सोमवार को पश्चिम चम्पारण जिले में ग्राम पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक सभी सरकारी कार्यालयों में एक साथ सेवा–संवाद–समाधान कार्यक्रम, जनता दरबार एवं एज ऑफ लिविंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बड़ी संख्या में आम लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया. जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने स्वयं अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की शिकायतें सुनीं. भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, बिजली, पेयजल, सड़क व राशन कार्ड से जुड़े मामलों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और समयबद्धता जरूरी है. कार्यक्रम के दौरान फरियादियों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. शिकायतों के निबंधन के लिए अलग रजिस्टर रखा गया तथा उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा की व्यवस्था की गई है. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, पीजीआरओ मासूम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. लौरिया में दो दर्जन से अधिक मामलों का ऑन द स्पॉट निबटारा लौरिया. अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया. अंचल अधिकारी नितेश कुमार सेठ ने बताया कि जनता दरबार में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से दो दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.निपटाए गए मामलों में बेलवा लखनपुर पंचायत के मौलानगर निवासी मकीर रहमान का जमाबंदी में नाम सुधार, बगही बसवरिया पंचायत के बसवरिया निवासी ओजैर अख्तर का परिमार्जन, गोनौली डुमरा पंचायत के गोनौली निवासी मृत्युंजय पांडे का भूमि विवाद, लाकड़ सिंह ई पंचायत के सिंस ई निवासी कादिर मियां का दाखिल-खारिज तथा बहुवरवा पंचायत के गोनाही निवासी बुननीलाल साह के भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई. कुछ जटिल मामलों में संबंधित पक्षों को अगली तिथि दी गई. राजस्व अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि सरकारी आदेश के आलोक में जनता दरबार का आयोजन किया गया है. थानों में भी लगा जनता दरबार साठी. थाना परिसर में थानाध्यक्ष राजन कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें अधिकांश मामले भूमि विवाद से जुड़े थे. थानाध्यक्ष ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और छोटे-मोटे विवादों का आपसी सहमति से निष्पादन कराया. उन्होंने बताया कि जनता दरबार प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा. चनपटिया में एज ऑफ लिविंग के तहत जनसुनवाई चनपटिया. प्रखंड कार्यालय में बीडीओ प्रणव कुमार गिरि ने बुजुर्ग पेंशन से जुड़ी समस्याएं सुनीं, जबकि अंचल कार्यालय में सीओ कमलकांत सिंह ने दाखिल-खारिज व भूमि मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए. प्रखंड कार्यालय में अधिकतर बुजुर्ग पेंशन से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे. कई मामलों में आवश्यक कागजातों की जांच कर मौके पर ही समाधान की पहल की गई, जबकि शेष मामलों में शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया. वहीं अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित भूमि से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई. इसके अलावा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी तथा बिजली विभाग के कनीय अभियंताओं ने भी अपने कार्यालयों में जनसमस्याएं सुनीं और यथाशीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >