West Champaran News: मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2026 में पात्र छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने संबंधित विद्यालयों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी.
किन विद्यार्थियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से इंटरमीडिएट में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मुस्लिम छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इसके अलावा बिहार राज्य मदरसा बोर्ड, पटना से मौलवी में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं तथा फोकानिया में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी योजना का लाभ मिलेगा.
ऑनलाइन आवेदन और सत्यापन की होगी प्रक्रिया
पात्र विद्यार्थियों से प्रोत्साहन राशि के लिए ऑनलाइन आवेदन लिये जाएंगे. आवेदनों के सत्यापन से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया विभागीय पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी. इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों को आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
स्कूलों में नियुक्त होंगे इंस्टीट्यूशनल नोडल ऑफिसर
आदेश के तहत संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्राचार्य अपने संस्थान से इंस्टीट्यूशनल नोडल ऑफिसर यानी INO नामित करेंगे. INO के नामांकन के लिए प्रधानाध्यापक स्वयं अथवा अपने अधीनस्थ शिक्षक की अनुशंसा निर्धारित प्रारूप में करेंगे.
सत्यापन के बाद मिलेगा यूजर आईडी-पासवर्ड
INO के नामांकन के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी या उनके द्वारा अधिकृत पदाधिकारी की ओर से सत्यापन किया जाएगा. सत्यापन पूरा होने के बाद संबंधित INO को विभागीय पोर्टल पर काम करने के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा.
पोर्टल संचालन का दिया जाएगा प्रशिक्षण
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्धारित बैठक में उपस्थित होकर पोर्टल संचालन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही अपने संस्थान से संबंधित यूजर आईडी और पासवर्ड शीघ्र प्राप्त करना सुनिश्चित करने को कहा गया है.
स्कूलों को समय पर कार्रवाई का निर्देश
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विद्यालयों को योजना के तहत आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने को कहा गया है. इससे पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और प्रोत्साहन राशि भुगतान की प्रक्रिया को निर्धारित तरीके से पूरा किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: डुमरी का पुल चार साल से जर्जर, गुड़ कारोबारियों की बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
