District Level Sports Competition: बेतिया जिले के स्कूली खेल प्रतिभाओं के लिए मुकाबले का मैदान सजने वाला है. 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जाएगा. इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी 19 अलग-अलग खेल विधाओं में अपना दमखम दिखाएंगे. प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे. इसे लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक हुई. इसमें खेल स्थलों से लेकर खिलाड़ियों की सुविधा, चिकित्सा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था तक की तैयारियों की समीक्षा की गयी.
19 खेलों में होगा रोमांचक मुकाबला
जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, शतरंज, योग, कुश्ती, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, वुशू, कराटे, बास्केटबॉल, खो-खो, सेपकटाकरा, साइकिलिंग, टेबल टेनिस और तलवारबाजी को शामिल किया गया है. अलग-अलग आयु वर्ग में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
इन विद्यालयों के खिलाड़ी होंगे शामिल
प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परियोजना बालिका विद्यालय, राजकीय अंबेदकर विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, महाविद्यालय के साथ सीबीएसई और आईसीएसई से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. डीएम ने सभी श्रेणी के विद्यालयों से शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.
अलग-अलग खेलों के लिए तय होंगे मैदान
बैठक में विभिन्न खेलों के लिए आयोजन स्थल भी प्रस्तावित किए गये. क्रिकेट के लिए पुलिस लाइन, बास्केटबॉल के लिए संत जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बैडमिंटन के लिए बैडमिंटन इंडोर हॉल और फुटबॉल के लिए जिरात मैदान प्रस्तावित है. वुशू, कराटे, शतरंज, टेबल टेनिस, तलवारबाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन और योग का आयोजन खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में प्रस्तावित किया गया है. वहीं एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, सेपकटाकरा और साइकिलिंग के लिए संबंधित खेल मैदानों का उपयोग किया जाएगा.
खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. आयोजन स्थलों पर चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया. प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था के साथ आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी.
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी
प्रतियोगिता के उद्घाटन और समापन समारोह को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने की भी तैयारी की जा रही है. इसके लिए स्वागतगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मार्च पास्ट आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. मार्च पास्ट के लिए एनसीसी/बैंड पार्टी की व्यवस्था तथा प्रतियोगिता की मीडिया कवरेज के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया.बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, एसडीएम नरकटियागंज अभिजीत गोविन्दा, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री, जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
