Bihar Teachers Arrears: पश्चिम चंपारण में प्रधान शिक्षकों के सेवा के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधान शिक्षक मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. विवाह भवन बेतिया में आयोजित कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में प्रधान शिक्षक शामिल हुए. इस दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा हुई.
विद्यालयों की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ पश्चिम चंपारण के जिला सह संयोजक राहुल राज ने की, जबकि संचालन प्रधान शिक्षक राजन कुमार यादव ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत महापौर गरिमा देवी सिकारिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, डीपीओ स्थापना अखिल वैभव, शिक्षक नेता राहुल राज, प्रधान शिक्षक अविनाश कुमार और राजन पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की.
प्रधान शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने कहा कि प्रधान शिक्षक पूरे मनोयोग से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करें. उन्होंने कहा कि प्रधान शिक्षकों के बकाया एरियर और वेतन संरक्षण की समस्या को लेकर विभाग भी गंभीर है.
एरियर और वेतन संरक्षण पर जल्द पहल का भरोसा
डीईओ राजन कुमार ने कहा कि प्रधान शिक्षकों के बकाया एरियर और वेतन संरक्षण को लेकर विभागीय स्तर पर जल्द पहल की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिया कि बकाया भुगतान के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ायी जाएगी.
इस आश्वासन के बाद शिक्षकों ने भी अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखने और विभागीय स्तर पर समाधान की प्रक्रिया में सहयोग करने की बात कही.
सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार में रखें समस्या
डीपीओ अखिल वैभव, दीपक कुमार सिन्हा और कुमकुम पाठक ने शिक्षकों से कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वे सीधे जिला शिक्षा पदाधिकारी के जनता दरबार में पहुंचें. उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में शिक्षक अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं.
अधिकारियों ने शिक्षकों से विभागीय समस्याओं को लेकर निर्धारित माध्यम का इस्तेमाल करने और अपनी बात सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की.
महापौर ने शिक्षकों को बताया समाज की रीढ़
नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं. उन्होंने प्रधान शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों में बेहतर कार्य करने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की अपील की.
कार्यक्रम में शालिनी कुमारी, अमृता कुमारी, नाहिदा नदीम, सोनी कुमारी, अविनाश कुमार, तारिक हुसैन, अमितेश कुमार, राजन पटेल, रवि शर्मा, विनोद कुमार रावत, दीपक कुमार, राजदीप रौशन, रवि रंजन कुमार, अमित कुमार, रणधीर चौरसिया, उपेंद्र कुमार, रवींद्र कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार और रामप्रवेश गुप्ता समेत सैकड़ों प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे.
यह भी पढे़ं:
बगहा में सफाई व्यवस्था क्यों हुई बाधित? एजेंसी ने बतायी अलग वजह, ईओ ने आरोपों को नकारा
