डेंगू रोकथाम को लेकर डीएम के सख्त निर्देश, बेतिया में नियमित फॉगिंग और जागरूकता अभियान चलेगा

पश्चिम चम्पारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया है. उन्होंने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और जन जागरूकता पर भी जोर दिया.

West Champaran News: पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाने और पिछले वर्षों में प्रभावित रहे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है. उन्होंने नगर निगम और सभी नगर निकायों को नियमित फॉगिंग कराने तथा लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने को कहा.

सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई.

सहयोग शिविरों के लंबित आवेदनों का जल्द होगा निपटारा

बैठक में डीएम ने सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाए और आवेदनों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए.

जीवन प्रमाणीकरण और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा

डीएम ने जीवन प्रमाणीकरण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण कराने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसकी नियमित निगरानी उप विकास आयुक्त करेंगे.

इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए.

नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में नीलाम पत्र वादों के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई.

डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक को बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा.

जिले में अब तक डेंगू का कोई मामला नहीं

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि इस वर्ष जिले में अब तक डेंगू का एक भी मामला सामने नहीं आया है.

संभावित खतरे को देखते हुए डेंगू वार्ड, जांच किट, एंबुलेंस और उपचार संबंधी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ कर दी गई हैं. डीएम ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा रोस्टर के अनुसार नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया.

बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >