Bettiah News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय प्रशासन ने षष्ठम सेमेस्टर परीक्षा 2026 के परीक्षा फॉर्म को लेकर सभी अंगीभूत एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को नया निर्देश जारी किया है. परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक पात्र छात्र-छात्रा को परीक्षा शुल्क के साथ मूल प्रमाणपत्र यानी ओरिजनल डिग्री सर्टिफिकेट के लिए भी अलग से शुल्क जमा करना होगा. दोनों मदों को मिलाकर कुल 1200 रुपये जमा करने के बाद ही परीक्षा आवेदन स्वीकार किया जाएगा.
परीक्षा फॉर्म के लिए कुल 1200 रुपये देने होंगे
विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार षष्ठम सेमेस्टर परीक्षा 2026 का परीक्षा शुल्क 600 रुपये निर्धारित है. इसके अलावा मूल प्रमाणपत्र शुल्क के रूप में भी 600 रुपये जमा करने होंगे. इस तरह प्रत्येक परीक्षार्थी को कुल 1200 रुपये जमा करना अनिवार्य होगा.
600 रुपये मूल प्रमाणपत्र के लिए अलग शुल्क
परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त 600 रुपये अंतिम डिग्री के मूल प्रमाणपत्र के लिए निर्धारित हैं. यह प्रमाणपत्र स्नातक की पढ़ाई पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाता है.
1200 रुपये जमा किए बिना आवेदन स्वीकार नहीं होगा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित राशि समय पर संग्रह कर विश्वविद्यालय कोष में जमा कराना सुनिश्चित करें. स्पष्ट किया गया है कि 600 रुपये परीक्षा शुल्क और 600 रुपये मूल प्रमाणपत्र शुल्क, यानी कुल 1200 रुपये जमा किए बिना परीक्षा आवेदन महाविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा.
राजभवन के आदेश का अनुपालन करने का निर्देश
परीक्षा नियंत्रक ने सभी प्राचार्यों को राजभवन सचिवालय, पटना के संबंधित आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पात्र विद्यार्थियों से राशि संग्रह करने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए, ताकि परीक्षा आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें:बगहा में मुक्ति पर्व दिवस मनाया गया, संत महापुरुषों के त्याग और मानव सेवा को किया गया याद
