मकान ढहाता बुल्डोजर | Prabhat Khabar Network

कोर्ट का आदेश मिलते ही दौड़ा प्रशासन! कुअरापट्टी में गैरमजरूआ जमीन से हटा अतिक्रमण,भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटा

योगापट्टी प्रखंड में कुअरापट्टी गांव में सरकारी भूमि पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान. न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने पक्के मकान, पशु घर और फूस के शेड को ध्वस्त कर ज़मीन को मुक्त कराया. अंचलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे.

Bettiah News: योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मच्छरगांवा नगर पंचायत के कुअरापट्टी गांव में शनिवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक अमले ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सघन अभियान चलाया. अंचलाधिकारी (सीओ) बिक्रम सिंह के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई. इस दौरान राजस्व अभिलेख के खाता संख्या 13, खेसरा संख्या 120 स्थित गैरमजरूआ आम भूमि के अंश भाग पर अवैध रूप से किए गए कब्जों को बलपूर्वक हटाकर जमीन को पूरी तरह से मुक्त कराया गया.

न्यायालय के आदेश के आलोक में हुई त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई

प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई न्यायालय में लंबित अतिक्रमण वाद (रामदेव महतो बनाम स्टेट ऑफ बिहार) के आलोक में पारित अंतिम आदेश के अनुपालन में की गई. न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तैयारी के साथ शनिवार को कुअरापट्टी गांव पहुंचा और पूर्व से चिन्हित सरकारी जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की.

पक्का मकान, पशु घर और फूस का शेड किया गया ध्वस्त

इस अभियान के तहत कुल तीन प्रमुख अतिक्रमणों को ध्वस्त कर हटाया गया. हटाए गए निर्माणों में कुअरापट्टी निवासी स्वर्गीय दुखी महतो का पक्का मकान, रामायण महतो का पशु घर तथा बुलेट कुमार का फूस का घर शामिल है. प्रशासनिक टीम ने नियमानुसार मापी कराते हुए अवैध हिस्सों को ढहा दिया. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहने के कारण पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा.

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: अंचलाधिकारी

कार्रवाई के उपरांत अंचलाधिकारी बिक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी और गैरमजरूआ भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चिन्हित जमीनों से अतिक्रमण हटाने का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा. सरकारी भूमि की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में नियमित निगरानी भी रखी जाएगी. इस अभियान के दौरान योगापट्टी थानाध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह, संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >