Bettiah Congress Protest: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को बेतिया में कांग्रेस ने आक्रोश मार्च निकाला. सागर पोखरा से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद पार्क पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.
मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई.
राष्ट्रीय आंदोलन के समर्थन में उतरी कांग्रेस
आक्रोश मार्च का नेतृत्व कांग्रेस नेता अमित गिरी ने किया. सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी छात्रों के समर्थन में हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. बेतिया का यह प्रदर्शन उसी राष्ट्रीय आंदोलन के समर्थन का हिस्सा है.
सरकार पर लगाए आरोप
अमित गिरी ने आरोप लगाया कि बिहार सहित देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है.
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी.
सभा में दोहराई गईं कई मांगें
शहीद पार्क में आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई.
नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
मार्च में जिलाध्यक्ष राकेश कुमार, रविभूषण चौधरी, शिव पुजारी, ब्रह्मानंद पांडेय, सोने लाल यादव, मिस्टर खान, रमेश कुमार मिश्रा, रिंकू पासवान, सलमान चांद, सुभाष कुमार, दिनेश कुमार, कन्हैया कुमार, ताज कुरैशी, राजकुमार ठाकुर और राम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे.
