Bettiah Crime: पश्चिम चंपारण के चनपटिया थाना क्षेत्र के चौबे टोला में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
कमरे में मिला विवाहिता का शव
मृतका की पहचान चौबे टोला निवासी रणधीर साह की 25 वर्षीय पत्नी माधुरी देवी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पिता बोले- गला दबाकर की गई हत्या
मृतका के पिता शिकारपुर थाना क्षेत्र के बनवरिया निवासी अशोक साह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2016 में रणधीर साह से हुई थी. दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें सात वर्ष की एक बेटी और छह वर्ष का एक बेटा है. उन्होंने बताया कि रणधीर साह उत्तराखंड में मजदूरी करता है.
गले पर निशान होने का दावा
अशोक साह के अनुसार रिश्तेदारों से फोन पर बेटी की मौत की सूचना मिली. जब वह चौबे टोला स्थित ससुराल पहुंचे तो उनकी बेटी का शव कमरे में जमीन पर पड़ा था. उन्होंने दावा किया कि गले पर निशान थे और उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है.
पति समेत ससुराल वालों पर लगाया आरोप
मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर और अन्य ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
पुलिस ने शुरू की जांच
चनपटिया थाना पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: रामनगर में ग्रामीण खुद क्यों बना रहे लोहे का पुल? जानिए क्या है पूरी कहानी
