Chanpatia News: पश्चिम चंपारण जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में चनपटिया नगर पंचायत की अध्यक्ष रजनी देवी ने नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सांसद एवं समिति के अध्यक्ष को लिखित आवेदन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की.
52 बीघा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय मिशन (डीआईयूआरएमपी) के तहत नगर पंचायत चनपटिया के वार्ड संख्या-2 स्थित लगभग 52 बीघा सरकारी भूमि अतिक्रमण की चपेट में है. इस भूमि पर निजी दावा किए जाने के कारण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है.
विकास कार्य प्रभावित होने की बात कही
आवेदन में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति पुराने दस्तावेजों के आधार पर सरकारी भूमि पर दावा कर रहा है, जबकि यह भूमि नगर पंचायत के उपयोग में है. इसके कारण नगर पंचायत को विभिन्न विकास योजनाओं को लागू करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
शीघ्र कार्रवाई की मांग
रजनी देवी ने संबंधित अधिकारियों से सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर नगर पंचायत के हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि खाली होने से जनहित से जुड़ी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन संभव हो सकेगा.
