Bettiah News: चनपटिया और मझौलिया प्रखंड के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है. सात निश्चय-3 योजना के तहत डिग्री कॉलेज स्थापना की सूची में संशोधन कर अब इन दोनों क्षेत्रों को भी शामिल कर लिया गया है. इससे पहले जारी सूची में इनका नाम नहीं था, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार मांग उठ रही थी.
विधायक की पहल से मिला फायदा
इस फैसले के पीछे स्थानीय विधायक अभिषेक रंजन की पहल अहम रही. उन्होंने 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री से मिलकर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की जरूरत को प्रमुखता से रखा था. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष भी यह मांग रखी गई थी. सरकार ने इस पर संज्ञान लेते हुए दोनों प्रखंडों में कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी.
1 जुलाई से शुरू होगा सत्र
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, स्थायी भवन बनने तक पढ़ाई अस्थायी भवनों में शुरू की जाएगी. 1 जुलाई से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी. चनपटिया में राजकीय +2 उच्च विद्यालय, कुमारबाग और मझौलिया में राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सेनुअरिया के भवनों में कक्षाएं चलेंगी.
स्थायी भवन का निर्माण जल्द
विधायक ने बताया कि चनपटिया नगर और मझौलिया के तिरवा क्षेत्र में कॉलेज के स्थायी भवन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी. इसके बाद भवन निर्माण कार्य शुरू होगा.
छात्रों में उत्साह
इस फैसले से इलाके के छात्र-छात्राओं में उत्साह है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
