Bettiah: लाल बाजार की हार्डवेयर दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

Bettiah News: बेतिया के लाल बाजार स्थित दुर्गा शक्ति हार्डवेयर दुकान में देर रात भीषण आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई. मेयर गरिमा देवी सिकारिया की मौजूदगी में दमकल विभाग ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: नगर के व्यस्ततम इलाके लाल बाजार स्थित हजारीमल धर्मशाला रोड में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ‘दुर्गा शक्ति हार्डवेयर’ नामक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया. रिहाइशी और व्यावसायिक इलाका होने के कारण आसपास के लोग भीषण दहशत में आ गए और आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए.

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची. संकरी गली और आग की भयावहता के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बगल की इमारतों में फैलने से रोका और उस पर काबू पाया. बताया जा रहा है कि इस भवन में हार्डवेयर के साथ-साथ बुटिक का स्टॉक भी रखा हुआ था, जिससे लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि

आगजनी की सूचना मिलते ही बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया और वार्ड पार्षद रोहित सिकारिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों जनप्रतिनिधियों ने पूरी रात मौके पर रहकर राहत कार्यों की निगरानी की और दमकल कर्मियों का हौसला बढ़ाया. मेयर ने पीड़ित दुकानदार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से उचित सहयोग का आश्वासन दिया. फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को शुरुआती वजह माना जा रहा है. समय रहते सक्रियता दिखाने से एक बड़ा हादसा टल गया.

बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >