Bettiah News: बेतिया (इनरवा) नेपाल में ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर डीजल और पेट्रोल की तस्करी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है.इनरवा बॉर्डर पर एसएसबी की 24 घंटे तैनाती के बावजूद तस्कर पगडंडियों के रास्ते हजारों लीटर ईंधन नेपाल पहुंचा रहे हैं. भारत और नेपाल में तेल की कीमतों के बीच बड़े अंतर का फायदा उठाकर तस्कर सक्रिय हो गए हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाइक और साइकिलों पर बड़े-बड़े गैलन लादकर अवैध सप्लाई की जा रही है.
बाइक की टंकी फुल कर सीमा पार हो रहा ‘तेल का खेल’
तस्करी का तरीका भी बेहद शातिर है. कई तस्कर अपनी मोटरसाइकिल की टंकी भारतीय पेट्रोल पंपों से फुल कराते हैं और नेपाल जाकर उसे ऊंचे दामों पर बेच देते हैं. इसके अलावा साइकिलों पर गैलन बांधकर रात के अंधेरे और सुरक्षा घेरे की नजरों से बचकर तस्करी की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि सीमा पर सख्त पहरे के बावजूद तस्कर बेखौफ होकर खाद और ईंधन की सप्लाई कर रहे हैं.
एसएसबी ने कहा:बढ़ाई गई गश्त, होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले को लेकर इनरवा47वीं एसएसबी के इंस्पेक्टर उत्तम सिंह ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर जवानों को अलर्ट कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा पर तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कहीं से भी तस्करी की सूचना मिलती है, तो जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बेतिया के इनरवा से अमित सागर की रिपोर्ट
