Chanpatia News: बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (एटक) के बैनर तले सोमवार को आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने बाल विकास परियोजना कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सीडीपीओ को 12 सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.
मानदेय और अन्य बकाया राशि के भुगतान की मांग
प्रदर्शन के दौरान सेविका एवं सहायिकाओं ने बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान और नियमित रूप से मानदेय दिए जाने की मांग उठाई. इसके अलावा गोद भराई एवं मुंहजुठ्ठी कार्यक्रम की राशि, बकाया मकान किराया और कंटिजेंसी मद की राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी की गई.
यह भी पढ़ें: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भाकपा का प्रदर्शन
मोबाइल उपलब्ध कराने और प्रताड़ना रोकने की मांग
आंगनबाड़ी कर्मियों ने सभी सेविका एवं सहायिकाओं को जल्द मोबाइल उपलब्ध कराने तथा कार्य के दौरान होने वाली अनावश्यक प्रताड़ना पर रोक लगाने की मांग की. मांगपत्र सौंपने के बाद यूनियन पदाधिकारियों और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के बीच विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई.
समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
बैठक के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला नेता ओम प्रकाश क्रांति ने किया. इस अवसर पर साधना शिल्पी, गोदावरी देवी, रेशमा शर्मा, सरिता शुक्ला, मंजू देवी, रेणु देवी, परमिला देवी, आभा देवी, त्रिगुण देवी, स्नेहलता, संगीत देवी, मदन शर्मा, मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं.
