वाल्मीकिनगर हिंसा मामला: जेसीबी में आगजनी के बाद 7 नामजद समेत 150 अज्ञात पर FIR, गिरफ्तारी शुरू

वाल्मीकिनगर के ठाड़ी गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान ग्रामीणों और वन विभाग के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक जेसीबी में आग लगा दी गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

वाल्मीकिनगर हिंसा मामला: वन क्षेत्र के ठाड़ी गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए हिंसक बवाल और जेसीबी में आगजनी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. वनपाल सूरज कुमार राम के आवेदन पर वाल्मीकिनगर थाना में सात नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

फसल प्रभावित होने पर ग्रामीणों ने किया विरोध

गुरुवार को वन विभाग की टीम वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए ठाड़ी गांव पहुंची थी. कार्रवाई के दौरान बुलडोजर से गन्ने की खड़ी फसल प्रभावित होने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर जुट गए और वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करने लगे.

विरोध के बीच जेसीबी में लगी आग

प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई. इसी बीच एक जेसीबी में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के दौरान हुई झड़प में उत्तर मुखिया, लक्ष्मी नारायण, इंदल महतो, सरल मुखिया और एक महिला समेत छह ग्रामीण घायल हो गए.

पुलिस और एसएसबी ने संभाला मोर्चा

हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, एसएसबी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कराई गई.

वीडियो फुटेज से होगी पहचान

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि वनपाल के आवेदन के आधार पर सात नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की गहन जांच की जा रही है. वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस ने साफ कहा है कि आगजनी और हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढे़ं: धान रोपनी के दौरान युवक को लगा करंट, तड़प-तड़पकर मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >