बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर एक्शन, दुकानें बंद कर धरने पर बैठे व्यापारी

बेतिया में सोमवार को प्रशासन ने मीना बाजार और छोटा रमना में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की. एसडीएम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकानें बंद कर दीं.

Bulldozer Action In Bettiah: बेतिया के मीना बाजार और छोटा रमना में सोमवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी. सदर एसडीएम भारी पुलिस बल, दंडाधिकारियों और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद कर धरना शुरू कर दिया. इस बीच एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "दुकान तो टूटेंगी. सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का काम हर हाल में होगा."

बुलडोजर के साथ पहुंचा प्रशासन

सोमवार सुबह प्रशासन की टीम बुलडोजर, पुलिस बल और दंडाधिकारियों के साथ मीना बाजार पहुंची. कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया, जहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और महिला जवान तैनात किए गए.

शहर के विकास के लिए जरूरी है कार्रवाई

धरने पर बैठे व्यवसायियों से बातचीत करते हुए सदर एसडीएम ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है. उन्होंने बताया कि पथरी घाट से बरवत सेना तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का कार्य वर्षों से अतिक्रमण के कारण प्रभावित है. शहर में जाम और जलजमाव की समस्या को देखते हुए अतिक्रमण हटाना जरूरी हो गया है.

व्यवसायियों ने रखा अपना पक्ष

व्यवसायियों ने प्रशासन से कहा कि वे कई दशकों से यहां कारोबार कर रहे हैं. उनका दावा है कि दुकानों की बंदोबस्ती खास महल के तहत हुई थी और वे नियमित रूप से सरकारी लगान भी जमा करते हैं. उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पहले वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की.

नोटिस पाने वालों पर होगी कार्रवाई

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिन दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने व्यापारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

बाजार में तनाव, वार्ता जारी

फिलहाल मीना बाजार और छोटा रमना क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है. बुलडोजर मौके पर खड़े हैं और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं. वहीं, व्यवसायी संघ ने आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है. प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत का दौर भी जारी है.

यह भी पढे़ं: कारगिल विजय दिवस पर तीन पूर्व सैनिक सम्मानित, अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक अगस्टीन

आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >