Bettiah News: नरकटियागंज. लोको दुर्गा मंदिर परिसर में सोमवार को ऑल इंडिया ओबीसी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन की ओर से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मंडल आयोग के अध्यक्ष बीपी मंडल की 109वीं जयंती समारोहपूर्वक मनायी गयी. कार्यक्रम में विभिन्न रेल मंडलों से अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए. इस दौरान ओबीसी कर्मचारियों की 12 सूत्री मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया.
Narkatiaganj News: बीपी मंडल और बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत बीपी मंडल और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई.
समारोह में समस्तीपुर, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सोनपुर और पटना समेत विभिन्न रेल मंडलों से अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल मंत्री महेश कुमार ने की, जबकि संचालन रंजय यादव ने किया.
ओबीसी आरक्षण और लंबित बैकलॉग का मुद्दा उठा
मंडल मंत्री महेश कुमार ने कहा कि बीपी मंडल की अध्यक्षता में एक जनवरी 1979 को सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आयोग का गठन हुआ था. सात अगस्त 1990 को मंडल आयोग की सिफारिशें लागू की गयीं.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सेवाओं में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू होने के बावजूद बैकलॉग समेत कई मुद्दे अभी लंबित हैं.
12 सूत्री मांगों को लेकर आवाज उठाने का निर्णय
समारोह में ओपीएस लागू करने, आठवें वेतन आयोग को लागू करने, ओबीसी की बैकलॉग रिक्तियां भरने तथा कर्मचारियों का पदस्थापन और स्थानांतरण गृह स्टेशन के समीप करने समेत 12 सूत्री मांगों पर चर्चा हुई.
एसोसिएशन ने इन मांगों को लेकर सरकार के समक्ष मजबूती से आवाज उठाने का निर्णय लिया.
ओबीसी समुदाय को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील
लोजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रीता पासवान ने कहा कि मंडल आयोग की सभी सिफारिशें लागू होने से ओबीसी समुदाय में सामाजिक और आर्थिक बदलाव आएगा.
उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
यह भी पढ़ें: बेतिया के शहीद पार्क का बदलेगा पूरा लुक, 53 लाख से होगा कायाकल्प, जानें क्या-क्या बदलेगा
