Bettiah Nursing Staff Murder: बेतिया शहर के अस्पताल रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में कार्यरत 22 वर्षीय नर्सिंग स्टाफ ममता कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक अस्पताल कर्मी को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने प्रेम संबंध के बाद शादी के दबाव से बचने के लिए यह कृत्य किया.
गुरुवार देर रात पुलिस ने आरोपी को स्टेशन चौक से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था.
पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने का दावा
नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चनपटिया निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ममता और विपिन के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. हाल के दिनों में ममता शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी इससे बचना चाहता था. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई.
शव को गद्दे के नीचे छिपाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए ममता के शव को बेड और दीवार के बीच फर्श पर छिपाकर उसके ऊपर गद्दा रख दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके.
बाद में ममता की बहन जब उसकी तलाश करते हुए अस्पताल पहुंची तो शव देखकर पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने जांच तेज कर दी.
12 वर्षों से अस्पताल में कर रही थीं काम
ममता कुमारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शेखौना मठ पटवारी टोला की रहने वाली थीं. वह पिछले करीब 12 वर्षों से संबंधित ट्रॉमा सेंटर में कार्यरत थीं.
मंगलवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई.
जांच अभी जारी
नगर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ी जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है.
