Bettiah: धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) यात्रियों के लिए विशेष ‘ज्योतिर्लिंग एवं श्री साईं दर्शन’ धार्मिक यात्रा शुरू करने जा रहा है. भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के तहत संचालित होने वाली यह आध्यात्मिक यात्रा 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी. इसकी जानकारी प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार, कंसल्टेंट दिलीप सिंह और बेतिया स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने दी.
8 रात और 9 दिनों की होगी यात्रा
मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बताया कि यह यात्रा 8 रात और 9 दिनों की होगी. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इसमें उज्जैन में महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी में श्री साईं बाबा मंदिर तथा छत्रपति संभाजीनगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और विश्वप्रसिद्ध एलोरा गुफाओं के दर्शन शामिल हैं. इस यात्रा को केंद्र सरकार के ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान से भी जोड़ा गया है.
12 स्टेशनों से कर सकेंगे बोर्डिंग
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में बिहार और आसपास के प्रमुख स्टेशनों से बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है. यात्री रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और प्रयागराज छिवकी से यात्रा शुरू कर सकते हैं.
एक पैकेज में यात्रा से लेकर भोजन तक की सुविधा
आईआरसीटीसी के इस ऑल इनक्लूसिव पैकेज में रेल यात्रा के साथ आवास, शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थल भ्रमण, ऑनबोर्ड सुरक्षा और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं. यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है. इकोनॉमी (स्लीपर) श्रेणी का किराया 18,160 रुपये, स्टैंडर्ड (3AC) 32,550 रुपये और कम्फर्ट (2AC) 39,425 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है.
24 घंटे हेल्पलाइन, समूह बुकिंग पर छूट
इच्छुक यात्री पटना स्थित आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, चौथा तल्ला, विस्कोमान टावर, पश्चिम गांधी मैदान से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. ऑनलाइन बुकिंग और विस्तृत जानकारी के लिए irctctourism.com पर संपर्क किया जा सकता है.यात्रियों की सुविधा के लिए 8595937731/32 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. समूह में यात्रा करने वालों के लिए विशेष छूट का प्रावधान है. सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा.टिकट रद्द कराने पर आईआरसीटीसी के निर्धारित नियमों के अनुसार शुल्क लागू होगा
