बेतिया में सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी, शहर में कूड़े का अंबार, लोगों की बढ़ी परेशानी

बेतिया नगर निगम के सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. इस हड़ताल के कारण शहर में कूड़ा उठना बंद हो गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कम वेतन और 26 दिनों की मजदूरी को लेकर कर्मी नाराज हैं.

Sanitation Workers Strike: बेतिया नगर निगम के सफाई कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही. हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. कई इलाकों में कूड़े का ढेर लग गया है, जबकि नालियों की सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सफाई कर्मी ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.

कूड़ा उठाव ठप, बढ़ी शहरवासियों की चिंता

हड़ताल के चलते नियमित कूड़ा उठाव नहीं हो पा रहा है. शहर के कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. वहीं नालियों की सफाई प्रभावित होने से जलनिकासी व्यवस्था पर भी असर पड़ा है.

आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर उठाए सवाल

धरना स्थल पर एसोसिएशन की राज्य कमेटी सदस्य एवं पूर्व पार्षद रीता रवि ने कहा कि केंद्र सरकार सफाई कर्मियों के सम्मान की बात करती है, लेकिन आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कार्यरत कर्मियों को केवल 26 दिनों की मजदूरी और करीब आठ हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करना पड़ रहा है.

उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक वार्ता कर जल्द हड़ताल समाप्त कराने की मांग की.

बड़ी संख्या में सफाई कर्मी धरने में शामिल

धरना प्रदर्शन में शम्भू राम, शान्ति देवी, विधाता देवी, आयशा खातून, उर्मिला देवी, अशोक राय, कैलाश राउत, संतोष पटेल सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे.

एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा. इसकी जानकारी प्रमिला देवी ने दी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhukar mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >