दो बाइकों की टक्कर में मजदूर की मौत, परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य छिनने से मचा कोहराम

पश्चिम चंपारण के मनुआपुल में सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जिससे उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार का भरण-पोषण करने वाला इकलौता सदस्य खोने से कोहराम मचा है. पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है.

Bettiah Road Accident: पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मनुआपुल थाने की पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है. और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए दूसरे बाइक चालक की पहचान और तलाश में जुट गई है.

मजदूरी कर घर लौट रहे थे हरिलाल, तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरवलिया हरिजन टोला निवासी 51 वर्षीय हरिलाल राम दिनभर मजदूरी करने के बाद बाजार से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेतिया-योगापट्टी मुख्य पथ पर मनुआपुल और आलोक भारती स्कूल के बीच भरपटिया गांव के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में हरिलाल राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि दूसरी बाइक के चालक को मामूली चोटें आईं और वह मौका पाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. और घायल को जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया.

बूढ़े पिता और बच्चों के कंधों पर टूटा दुखों का पहाड़, जांच में जुटी पुलिस

मृतक के परिजनों ने रोते हुए बताया कि हरिलाल राम ही मजदूरी कर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में दो बेटे झून्ना कुमार व रंजन कुमार और एक विवाहित बेटी मनीषा देवी हैं. हरिलाल के वृद्ध पिता जमुना राम एक मूर्तिकार हैं. लेकिन अत्यधिक उम्र और बीमारी के कारण अब वे काम करने में असमर्थ हैं. हरिलाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे. और पूरे घर की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी मौत से पूरे परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है. पुलिस का कहना है कि फरार बाइक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadh kishore

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >