Bettiah SSP: पश्चिम चंपारण में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस अब और सख्त कार्रवाई करेगी. वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कुमार गौतम ने पुलिस केंद्र सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने, वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने, वाहन चोरी के मामलों का जल्द खुलासा करने और लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया.
रात्रि गश्ती और वाहन जांच होगी तेज
एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय नियमित गश्ती बढ़ाई जाए. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए और लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई हो सके.
लंबित मामलों का जल्द होगा निष्पादन
बैठक में सभी अनुसंधानकर्ताओं और पर्यवेक्षण पदाधिकारियों को लंबित कांडों का तेजी से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. एसएसपी ने कहा कि फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाकर लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाया जाए.
वाहन चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान
जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कुमार गौतम ने चोरी के मामलों के त्वरित उद्भेदन और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही शराब तस्करों और अन्य अपराधियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी रखने को कहा.
जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
एसएसपी ने सूचना का अधिकार (RTI), चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस, अभियोजन तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया. इसके अलावा सभी थानों में लंबित समन, ई-समन, वारंट, इश्तेहार और कुर्की मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा.
जनता का विश्वास बनाए रखना प्राथमिकता
बैठक के अंत में एसएसपी ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम लोगों का विश्वास बनाए रखना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए.
यह भी पढे़ं: PK के चुनाव प्रचार से दूर क्यों हैं मनीष कश्यप? बांकीपुर बाय-इलेक्शन के बीच मनीष की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
