Bettiah News: पश्चिम चंपारण पुलिस ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और अभियान चलाकर पुलिस ने 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थ भी बड़ी मात्रा में बरामद किए गए हैं.
40 किलो चरस, शराब और हथियार बरामद
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, 364 लीटर शराब और 40 किलोग्राम चरस बरामद किया गया. इसके अलावा एक गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया है. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है.
उत्पाद अधिनियम के मामलों में भी गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए 28 अभियुक्तों में आठ गिरफ्तारी उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामलों में हुई है. पुलिस ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
14 वारंटी गिरफ्तार, 15 वारंट का निष्पादन
लंबित मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 14 वारंटियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही 15 अजमानतीय वारंटों का निष्पादन भी किया गया. पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों और लंबित मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
वाहन जांच में वसूला 27 हजार रुपये जुर्माना
विशेष अभियान के दौरान जिले में वाहन जांच भी चलाया गया. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर एक स्कूटी भी जब्त की गई. पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढे़ं: बेतिया: 9 अगस्त को निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा, बच्चों में धार्मिक संस्कार जगाने की पहल
