Bettiah: प्रेमिका से शादी की जिद लिए टावर पर चढ़ा सिरफिरा प्रेमी, घंटों मचा हाई वोल्टेज ड्रामा

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के योगापट्टी में एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला, जिसके बाद पुलिस ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला…

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के योगपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवगांवा में मंगलवार की अहले सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी मांगों को लेकर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक की पहचान लौकरिया धनुषाटोली गांव निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है. रंजीत पड़ोस के ही गांव की एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करने के लिए परिजनों व समाज पर दबाव बना रहा था.

टावर पर चढ़ता प्रेमी

शादी की जिद पर अड़ा रहा प्रेमी

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब दो बजे रंजीत टावर पर चढ़ा और ऊपर से ही चिल्लाकर प्रेमिका से शादी कराने की मांग करने लगा. सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया.

पुलिस की पूछताछ जारी

करीब घंटों तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस रंजीत को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और थाने लाकर पूछताछ कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के परिजनों को भी सूचना दी गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >