Bettiah News: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, अप्रैल में 4212 गाड़ियों का कटा चालान, 69 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

Bettiah News: बेतिया पुलिस ने अप्रैल माह में सख्त ट्रैफिक अभियान चलाकर 4212 वाहनों का चालान किया और 69 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला. सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिना हेलमेट और लाइसेंस वाले चालकों पर सबसे कड़ी कार्रवाई की गई. जानिए खबर विस्तार से…

Bettiah News: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं,अप्रैल में 4212 गाड़ियों का कटा चालान, 69 लाख रुपये का जुर्माना वसूला.

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले की बेतिया पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बीते अप्रैल माह में विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की. इस दौरान कुल 4212 वाहनों का चालान काटा गया और उनसे कुल 69 लाख 2 हजार 600 रुपये की शमन राशि वसूली गई. पुलिस प्रवक्ता विश्वमोहन चौधरी ने आधिकारिक आंकड़े जारी करते हुए इस कार्रवाई की जानकारी दी.

बिना हेलमेट चलाने वालों की संख्या सबसे अधिक

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यातायात नियमों में सबसे ज्यादा उल्लंघन बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों ने किया. कुल 2740 मामलों में कार्रवाई करते हुए इनसे 27 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वाले 317 लोगों से 15 लाख 85 हजार रुपये की वसूली की गई. पुलिस की इस सख्ती से नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में हड़कंप मचा रहा.

ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल लोडिंग पर भी लगाम

अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने के 265 मामलों में 5 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं, ट्रिपल लोडिंग के 467 मामलों में 4 लाख 67 हजार रुपये वसूले गए. बिना इंश्योरेंस के 415 वाहनों पर 8 लाख 30 हजार रुपये और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 60 मामलों में 3 लाख रुपये का दंड लगाया गया. इसके अलावा नो पार्किंग, ध्वनि एवं वायु प्रदूषण और मोबाइल फोन के उपयोग जैसे उल्लंघनों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई.

पिछले साल के मुकाबले बढ़ी सख्ती

पुलिस प्रवक्ता विश्वमोहन चौधरी ने बताया कि अप्रैल 2025 की तुलना में इस वर्ष अभियान को अधिक प्रभावी और सघन बनाया गया था. इसी कारण चालान की संख्या और जुर्माने की राशि में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सख्ती का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By saharasunilmuz

saharasunilmuz is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >