Bettiah News: वारदात से पहले ही पुलिस ने दबोचा, कट्टा और चाकू के साथ साजिश रचता युवक गिरफ्तार

Bettiah News: बेतिया पुलिस ने कालीबाग में छापेमारी कर हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से देसी कट्टा और चाकू बरामद हुआ है. बगहा का रहने वाला यह युवक किराए के कमरे में रहकर अपराध की साजिश रच रहा था. जानिए खबर विस्तार…

Bettiah News: बेतिया पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए एक युवक को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथ दबोच लिया है. कालीबाग थाना क्षेत्र में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक डैगर (चाकू) बरामद किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था.

किराए के मकान में चल रहा था खेल

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कालीबाग थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-04 में एक किराए के मकान में रह रहा युवक अवैध हथियार रखे हुए है और किसी वारदात की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने जब चिन्हित मकान पर दबिश दी, तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया.

बगहा का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार युवक की पहचान विशाल राव के रूप में हुई है, जो पश्चिम चंपारण (बगहा) के चौतरवा थाना अंतर्गत अहीरवलिया गांव का निवासी है. पुलिस के अनुसार, विशाल यहां किराए पर कमरा लेकर रह रहा था और आपराधिक गतिविधियों में शामिल था. कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक लोडड देसी कट्टा और धारदार चाकू मिला है.

पुलिस की कार्रवाई जारी

कालीबाग थाना पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार युवक का पिछला आपराधिक इतिहास क्या है और वह किसके कहने पर किसी बड़ी घटना की साजिश रच रहा था.

बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >