Bettiah: वाल्मीकिनगर से निशांत कुमार की 'सद्भाव यात्रा' का शंखनाद, जदयू के नए युग की शुरुआत

Bagaha News: जदयू नेता निशांत कुमार आज चंपारण के वाल्मीकिनगर से अपनी 'सद्भाव यात्रा' शुरू कर रहे हैं. 'ट्रिपल एस' एजेंडे के साथ शुरू हो रही इस यात्रा का उद्देश्य संगठन को मजबूती देना और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना है. पढे़ं पूरी खबर…

Bettiah News: बिहार की राजनीति और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बनने जा रहा है. युवा नेता निशांत कुमार आज चंपारण की पावन धरती से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘सद्भाव यात्रा’ का आगाज करेंगे. यात्रा की शुरुआत वाल्मीकिनगर से होगी, जहां उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं. राजनीतिक गलियारों में इसे जदयू के भीतर एक नई ऊर्जा और भावी नेतृत्व की दिशा में बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है.

गांधी और नीतीश की कर्मभूमि से बड़ा संदेश

चंपारण की धरती का चयन बेहद रणनीतिक और प्रतीकात्मक है. जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के अनुसार, यह महात्मा गांधी की सत्य और अहिंसा की भूमि रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल की आधारशिला भी यहीं रखी गई थी. निशांत कुमार इसी ऐतिहासिक स्थान से पार्टी की “नई सोच और नई ऊर्जा” का संदेश पूरे प्रदेश में फैलाएंगे.

कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे निशांत कुमार

आज देर शाम वाल्मीकिनगर पहुंचने के बाद निशांत कुमार सीधे संगठन की मजबूती पर ध्यान केंद्रित करेंगे. वे समता पार्टी के समय से जुड़े पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इस संवाद का मुख्य उद्देश्य संगठन की जमीनी हकीकत को समझना और पुराने कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देना है. सोमवार से यह यात्रा जन-संवाद के रूप में आगे बढ़ेगी.

बेतिया में सोमवार को होगा शक्ति प्रदर्शन

यात्रा के दूसरे दिन, सोमवार को निशांत कुमार बेतिया पहुंचेंगे. वहां एक भव्य ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार सहित पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे. यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और चुनावी मोड में लाने का काम करेगा.

‘ट्रिपल एस’ एजेंडे पर रहेगा फोकस

सद्भाव यात्रा का केंद्रीय उद्देश्य ‘ट्रिपल एस’—क्राइम, करप्शन और कम्यूनिज्म (अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता) के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को जनता तक पहुंचाना है. पार्टी इसे केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि वैचारिक मजबूती के बड़े अभियान के रूप में देख रही है. अब देखना यह होगा कि निशांत कुमार का यह नया अवतार बिहार की राजनीति में क्या बड़ा बदलाव लाता है.

बेतिया से गणेश कुमार वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >