Bettiah News: शिक्षा विभाग ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब स्कूलों में कार्यरत लिपिक और परिचारियों की उपस्थिति भी ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी.
तीन दिन में मांगा गया कर्मियों का डिटेल डेटा
माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा कार्यालय ने इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं. स्थापना संभाग के डीपीओ कुमार अनुभव ने सभी संबंधित स्कूलों से तीन दिन के भीतर कर्मियों का विस्तृत डेटा उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है.
वेतन और सेवा अब ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ेंगे
अब तक केवल शिक्षकों की उपस्थिति ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज की जाती थी, लेकिन नए आदेश के बाद गैर-शैक्षणिक कर्मियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है. इससे विद्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की नियमित निगरानी संभव हो सकेगी.
आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान और सेवा अभिलेखों का संधारण किया जाएगा. आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और कर्मियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
इस निर्णय के बाद स्कूलों में कार्यरत क्लर्क और परिचारियों के बीच हलचल बढ़ गई है.
(संवाद संकलन रवि ‘रंक’, बेतिया)
